मुंबई (रोज़ाना भारत न्यूज़): मुंबई के प्रतिष्ठित ‘लालबागचा राजा’ की मूर्ति को रविवार रात करीब 9:15 बजे अरब सागर में विसर्जित कर दिया गया। महानगर के दक्षिणी हिस्से में निर्धारित विसर्जन स्थल गिरगांव चौपाटी पर पहुंचने के 12 घंटे से अधिक समय बाद मूर्ति का विसर्जन हुआ। अधिकारियों ने बताया कि समुद्र तट पर एकत्र हुए हजारों श्रद्धालुओं के जयकारों, ढोल-नगाड़ों और पटाखों के बीच पुलिस दल की देखरेख में मछुआरों की नौकाओं द्वारा खींचकर विशेष रूप से निर्मित इस मूर्ति को गहरे समुद्र में ले जाया गया और उसका विसर्जन किया गया।
उन्होंने बताया कि यह मूर्ति विसर्जन के सबसे विलंबित कार्यक्रमों में से एक था। आमतौर पर, ‘लालबागचा राजा’ की मूर्ति सुबह नौ बजे से पहले दक्षिण मुंबई के गिरगांव चौपाटी के पास अरब सागर में विसर्जित कर दी जाती है। रविवार सुबह करीब आठ बजे गिरगांव चौपाटी पर मूर्ति पहुंचने के करीब 13 घंटे बाद और शनिवार को दोपहर 12:30 बजे लालबाग से भव्य यात्रा शुरू होने के 32 घंटे बाद आखिरकार विसर्जन संभव हो सका।
